Sridevi Last Photo: बॉलीवुड की पहली सुपरस्टार एक्ट्रेस श्रीदेवी भले ही आज इस दुनिया में नहीं हो, लेकिन वे लाखों दिलों में आज भी अपनी अदाकारी के दम पर राज करती हैं। 24 फरवरी 2018 का वो दिन आज भी लोगों को मायूस कर देता है जब उनकी चहेती अभिनेत्री श्रीदेवी अचानक इस दुनिया को छोड़कर चली गई थी। श्रीदेवी के निधन की खबर ने पूरे देश को शॉक्ड कर दिया था।
भतीजे की शादी में शामिल होने गई थी दुबई
भारत से खुशी-खुशी अपने परिवार के साथ श्रीदेवी अपने भतीजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने के लिए दुबई गई थी। उनके साथ पति बोनी कपूर, बेटी ख़ुशी कपूर और फैमिली के अन्य लोग मौजूद थे। लेकिन किसी को भी नहीं पता था कि, उनके साथ एक बहुत बड़ी घटना घटने वाली है। दुबई में ही अचानक से इस खूबसूरत और अदाकारी की मलिका श्रीदेवी को मौत ने बुला लिया।
श्रीदेवी का निधन हुए अब पांच साल हो गए हैं। उनकी 5वीं डेथ एनिवर्सरी से एक दिन पहले उनके पति और फिल्म डायरेक्टर बोनी कपूर ने श्रीदेवी की मौत से पहले की आखिरी तस्वीर पोस्ट की है। जिसे देखकर उनके फैंस बेहद भावुक हो रहे हैं और श्रीदेवी को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। आपको बता दें कि, जाह्नवी कपूर ने भी एक थ्रोबैक तस्वीर शेयर करते हुए अपनी मां श्रीदेवी को याद किया है।
दुल्हन की तरह से सजी-धजी नजर आ रही श्रीदेवी
इस तस्वीर में श्रीदेवी दुल्हन की तरह से सजी-धजी नजर आ रही हैं। उन्होंने ग्रीन और गोल्डन कलर की साड़ी पहने रखी हैं। जिसमें बेहद खूबसूरत दिख रही हैं। तस्वीर में उनके साथ बोनी कपूर, उनकी छोटी बेटी ख़ुशी कपूर, बोनी कपूर की बहन रीना कपूर और कपूर फैमिली के और भी सदस्य एक साथ पोज़ देते हुए नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ बोनी कपूर ने कैप्शन में लिखा है- ’आखिरी तस्वीर …’
कैसे हुई थी श्रीदेवी की मौत?
खबरों के मुताबिक, दुबई के एक होटल में बाथटब में दुर्घटनावश डूबने से इस महान अभिनेत्री की मौत हो गई थी। दुबई पुलिस की जांच में सामने आया था कि, बाथटब में नहाते समय अचानक होश खोने के बाद वह गलती से डूब गई थी। उसके शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले थे।
Sridevi Last Photo: श्रीदेवी ने हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ सहित विभिन्न भाषाओं में कई फिल्मों में अभिनय किया। वह अपनी बहुमुखी प्रतिभा, सुंदरता और अभिनय कौशल के लिए जानी जाती थीं और उन्हें भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे महान अभिनेत्रियों में से एक माना जाता है। श्रीदेवी ने अपने चार दशकों से अधिक के शानदार करियर में कई फिल्मों में अपनी छाप छोड़ी। श्रीदेवी की कुछ सबसे लोकप्रिय फिल्में…..
चांदनी (1989) – यश चोपड़ा द्वारा निर्देशित एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म, जिसमें श्रीदेवी ने चांदनी की मुख्य भूमिका निभाई थी।
मिस्टर इंडिया (1987) – शेखर कपूर द्वारा निर्देशित एक साइंस-फिक्शन कॉमेडी फिल्म, जिसमें श्रीदेवी ने अनिल कपूर के साथ महिला प्रधान भूमिका निभाई थी।
लम्हे (1991) – यश चोपड़ा द्वारा निर्देशित एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म, जिसमें श्रीदेवी ने माँ और बेटी की दोहरी भूमिका निभाई थी।
सदमा (1983) – बालू महेंद्र द्वारा निर्देशित एक ड्रामा फिल्म, जिसमें श्रीदेवी ने प्रतिगामी भूलने की बीमारी से पीड़ित एक युवा महिला की मुख्य भूमिका निभाई थी।
इंग्लिश विंग्लिश (2012) – गौरी शिंदे द्वारा निर्देशित एक कॉमेडी-ड्रामा फिल्म, जिसमें श्रीदेवी ने एक गृहिणी की मुख्य भूमिका निभाई थी, जो अपने परिवार से सम्मान पाने के लिए अंग्रेजी सीखती है।