Vinod Kambli: हमेशा कुछ न कुछ विवादों में रहने वाले पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली एक बार फिर से चर्चा में आ गए हैं। इस बार कांबली ने कुछ नहीं किया है। फिर भी उन्हें याद किया जा रहा है। दरअसल, इंग्लैंड टीम के दिग्गज खिलाड़ी हैरी ब्रुक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विनोद कांबली का 30 सालों से चला आ रहा रिकॉर्ड तोड़ डाला है।
अभी न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। जिसका दूसरा मैच विलिंगटन में खेला जा रहा है। इस मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी हैरी ब्रुक ने अपने तूफानी प्रदर्शन के दम पर विनोद कांबली का रिकॉर्ड तोड़ डाला। दरअसल, ब्रुक अपने करियर की शुरुआती 9 टेस्ट पारियों में 800 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले तक ये रिकॉर्ड विनोद कांबली के नाम था। इसी के साथ ब्रुक अपने दोहरे शतक के भी करीब हैं।
इंग्लैंड के इस रिकॉर्डधारी बल्लेबाज ब्रुक ने अब तक 9 पारियों में 4 शतक और 3 अर्धशतक लगाए हैं। जिसकी बदौलत उन्होंने 807 रन बना लिए हैं। यह रिकॉर्ड ब्रुक से पहले कांबली के नाम दर्ज था।
Vinod Kambli: भारत के पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली ने करीब 30 साल पहले 9 टेस्ट पारियों में सबसे ज्यादा 798 रन बनाए थे। जिसमें उनके 4 शतक और 2 दोहरे शतक शाामिल थे। लेकिन अब ब्रुक ने 800 से ज्यादा रन बनाकर कांबली को पीछे छोड़ दिया है और खुद इस रिकॉर्ड के मालिक बन गए हैं। अगर बात की जाए अन्य बल्लेबाजों की तो भारत के टेस्ट महारथी सुनील गावस्कर का नाम भी इसमें शामिल हैं। गावस्कर ने 9 पारियों में 778 रन बनाए थे। इसके अलावा इवर्टन वीक्स ने 9 पारियों में 777 रन बनाए थे।
आपको ये भी बता दें कि, ब्रुक ने बेहद ही कम समय में खुद को इंग्लैंड टीम का दिग्गज खिलाड़ी बना लिया है। उन्होंने अभी मात्र 3 वनडे मैच ही खेले हैं, लेकिन उनका स्थान टीम में जम चुका है। इसके साथ-साथ ब्रुक 20 टी20 इंटरनेशनल मैच भी खेल चुके हैं जिसमें उन्होंने 372 रन ठोके हैं।
बता दें कि, भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज विनोद कांबली ने 1991 से 2000 के बीच टीम के लिए प्रदर्शन किया था। वह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते थे और अपने समय के दौरान घरेलू क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों में से एक थे। कांबली ने भारत के लिए 17 टेस्ट मैच में 1084 रन बनाए और 104 वनडे मैच खेलते हुए 2477 रन बनाए है। कांबली ने 1993 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया, जहां उन्होंने अपने तीसरे टेस्ट मैच में ही दोहरा शतक ठोक डाला था। उन्होंने अपने करियर में दो और टेस्ट शतक भी बनाए।